उत्तराखंड

डीजीसीए ने कड़े निर्देशों के साथ  चारधाम यात्रा हेतु हेलीकॉप्टर सेवा फिर शुरू

Admin
September 18 2025 Updated: September 18 2025
0 0
डीजीसीए ने कड़े निर्देशों के साथ  चारधाम यात्रा हेतु हेलीकॉप्टर सेवा फिर शुरू

देहरादून।  डीजीसीए से मिली अनुमति के बाद चार धाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन एकबार फिर शुरू हो गया है। मॉनसून को देखते हुए इस सेवा पर डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने रोक लगा दी थी। लेकिन अब मॉनसून अवकाश खत्म होने के बाद डीजीसीएने एकबार फिर इस सेवा को शुरू करने की अनुमति दे दी। जिसके बाद 15/16 सितंबर 2025 से इसे फिर से शुरू कर दिया गया।
इस बारे में जारी एक प्रेस रिलीज में बताया गया कि चारधाम यात्रा को और ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने अपने नेतृत्व में गहन जांच करते हुए यात्रा के दौरान सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक नई रणनीतिक पहल लागू की। इसके तहत डीजीसीए को सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को कतई बर्दाश्त न करने के स्पष्ट आदेश के साथ, सख्त कदम उठाने और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि हेलीकॉप्टरों द्वारा चारधाम यात्रा के दो हिस्से हैं, पहला देहरादून (सहस्त्रधारा) से यमुनोत्री/गंगोत्री/केदारनाथ/बद्रीनाथ तक चार्टर सेवाएं और दूसरा गुप्तकाशी/फाटा/सीतापुर क्लस्टर से केदारनाथ जी हेलीपैड तक शटल सेवाएं। कुल छह हेलीकॉप्टर ऑपरेटर गुप्तकाशी/फाटा/सीतापुर क्लस्टर से शटल संचालन करेंगे और सात ऑपरेटर/संघ देहरादून (सहस्त्रधारा) से चार्टर उड़ान संचालन करेंगे।डीजीसीए ने कहा है कि भार और संतुलन सीमाओं को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए ताकि चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में सुरक्षित टेक-ऑफ और लैंडिंग सुनिश्चित किया जा सके। नेविगेशन और संचार के आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि पायलट को एक समर्पित सूचना तंत्र द्वारा मौसम की रियल-टाइम जानकारी दी जानी चाहिए।हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की अनुमति देने से पहले मंत्री राममोहन नायडू नेडीजीसीए, एएआई, राज्य सरकार और यूकाडा (उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण) के बीच गहन समन्वय सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ देहरादून और दिल्ली में कई समीक्षा बैठकें भी कीं।



WHAT'S YOUR REACTION?

  • 0
  • 0
  • 0
  • 0
  • 0
  • 0
  • 0

COMMENTS